जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की उपायुक आर० रॉनिटा ने की समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

खूंटी : सरकार के निर्देशानुसार जिला जल एवं स्वच्छता समिति, खूंटी द्वारा जिले में 8 मार्च से 22 मार्च तक “जल महोत्सव पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजनों को जल के महत्व एवं उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।

इसी क्रम में आज समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त  आर० रॉनिटा द्वारा जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि तक सभी गतिविधियों का प्रभावी एवं व्यापक रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जल संरक्षण का संदेश पहुँचाया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों, पंचायतों एवं विभिन्न संस्थानों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए लोगों को जल के संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, राज्य समन्वयक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.