आर० रॉनिटा के निर्देशानुसार जिला स्तरीय पशु मेला सह पशु प्रदर्शनी का आयोजन, पशुपालकों को किया गया सम्मानित

खूंटी : उपायुक्त  आर० रॉनिटा के निर्देशानुसार जिला पशुपालन प्रांगण, खूंटी में जिला स्तरीय पशु मेला सह पशु प्रदर्शनी 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 209 पशुपालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर पशुपालकों को उन्नत एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा पशु-पक्षियों के नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को राज्य सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे एनएलएम (NLM), एलएचडीसीपी (LHDCP), एनएआईपी (NAIP) एवं ABIP-SS Sorted Semen मादा पशु गर्भाधान योजना के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही एलएचडीसीपी योजना के तहत FMD, PPR, Brucellosis, LSD एवं CSF जैसे रोगों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया तथा पशुपालकों को बेहतर एवं वैज्ञानिक पशुपालन अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान झारखंड सरकार के विभागीय संयुक्त निदेशक डॉ० विपिन बिहारी महथा ने भी उपस्थित होकर पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी दी और उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ० अभिमन्यु प्रसाद (जिला पशुपालन पदाधिकारी, खूंटी), डॉ० संजय प्रसाद (पशु शल्य चिकित्सक), डॉ० नवीन कुमार आर्य (अवर प्रमंडल पशुपालन पदाधिकारी), डॉ० जेनेट भगत (आदर्श ग्राम पदाधिकारी) सहित जिले के सभी प्रखंडों के पशुपालन पदाधिकारी एवं एमवीयू पशु चिकित्सक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन के गुर भी बताए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर चयनित प्रगतिशील पशुपालकों — प्रियामिंज (ग्राम-कुडलुड, कर्रा), निमिषान मुंडा (ग्राम-रायसिमला, तोरपा), गोमा हस्सा (ग्राम-तोरपा कोल, खूंटी), मनोज कुमार मांझी (ग्राम-धायरा, मुरहू) तथा नगर पंचायत क्षेत्र के उमेश कुमार महतो एवं कार्तिक राम गोंझू को सम्मानित किया गया।

पशु प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को भी पुरस्कृत किया गया। बकरी पालन में प्रथम पुरस्कार  सचिन कुमार (ग्राम-कोडाकेल, मुरहू), द्वितीय पुरस्कार श्री रामेश्वर गोप (ग्राम-बरवाजा, कर्रा) तथा तृतीय पुरस्कार  रामधन काशी (ग्राम-कुमांग, तोरपा) को प्रदान किया गया। सूकर पालन के लिए बहलेन भेंगरा (ग्राम-निधिया, कर्रा) को पुरस्कृत किया गया। वहीं भेड़ पालन के लिए  सावित्री देवी (ग्राम-बांदु, अड़की) तथा कुक्कुट पालन में कैलाश काशी (ग्राम-कुमांग, तोरपा) को सम्मानित किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी देना, पशुधन की गुणवत्ता में वृद्धि करना तथा पशुपालन के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.