एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित।
खूंटी : उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देशानुसार आज अनुमंडल कार्यालय, खूंटी में अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी की अध्यक्षता में जिले में एलपीजी गैस वितरण से संबंधित सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिलने की शिकायत, ओटीपी प्राप्त न होने तथा गैस की संभावित कालाबाजारी से संबंधित विभिन्न शिकायतों एवं विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी गैस एजेंसी संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले में एलपीजी गैस की सामान्य आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। इसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी करने हेतु विशेष दल का गठन भी किया गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि गैस वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य आवश्यक संस्थानों में कॉमर्शियल गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी सक्रिय उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए भी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.