सदर अस्पताल खूंटी के तत्वावधान में कल्याण गुरुकुल तोरपा में रक्तदान शिविर आयोजित

खूंटी - सदर अस्पताल खूंटी के तत्वावधान में कल्याण गुरुकुल, तोरपा में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. शोभा किस्पोट्टा एवं संस्थान के प्राचार्य भूपेंद्र शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि “रक्तदान महादान है और इससे शरीर पर किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती।” उन्होंने बताया कि जिले में थैलेसीमिया और एनीमिया के मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है, जिसे ऐसे शिविरों के माध्यम से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कल्याण गुरुकुल की इस पहल की सराहना की। वहीं उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव ने कहा कि जिले के सभी संस्थानों को इस तरह के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।
संस्थान के प्राचार्य भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि कल्याण गुरुकुल अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए युवाओं को कौशल विकास के साथ-साथ नियमित रूप से रक्तदान शिविरों के लिए प्रेरित करता है। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया तथा स्वेच्छा से 18 लोगों ने रक्तदान किया। काउंसलर निशांत झा ने युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए मानसिक स्वास्थ्य पर भी परामर्श दिया। शिविर को सफल बनाने में रक्त केंद्र के सुशांत कुमार, सुजीत नाग एवं कोमल कुमारी सहित अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.