विश्व जल दिवस पर खूंटी में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित, जल संरक्षण की ली गई शपथ

खूंटी - विश्व जल दिवस के अवसर पर आज खूंटी के बहुउद्देशीय भवन सभागार में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले में 8 मार्च से 22 मार्च तक “जल महोत्सव पखवाड़ा” मनाया गया, जिसके तहत गांवों और पंचायतों में जल संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज इस पखवाड़ा का समापन राज्यस्तरीय कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक मनोहर मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्वच्छ जल जीवन मिशन के तहत जिला प्रशासन के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित जलसहिया दीदियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। सभी ने जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पंचायतों और गांव-गांव में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, चापाकल मरम्मत और पेयजल गुणवत्ता जांच में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच जिलों की जलसहिया दीदियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम पेयजल स्वच्छता विभाग, जिला पंचायती राज, जिला परिषद एवं अन्य विभागों के समन्वय से आयोजित किया गया, जिसमें खूंटी, रांची, चाईबासा, सरायकेला और सिमडेगा जिलों की जलसहिया दीदियां शामिल हुईं।
मुख्य अतिथि मनोहर मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयास से गांव-गांव में पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि नदी, नाले, तालाब और पहाड़ी जलस्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान के संयुक्त प्रयासों से घर-घर नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने खूंटी जिले को पेयजल उपलब्धता के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त आलोक कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार, पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी सहित सैकड़ों की संख्या में जलसहिया दीदियां उपस्थित रहीं।

 
रिपोर्टर  : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.