कसीरा में लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला लाभ
खूंटी : कर्रा प्रखंड के ग्राम कसीरा में आज निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आई फोर्ट (डाक बंगला रोड, खूंटी) के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कुमार एवं सिटी फाउंडेशन, कर्रा के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
शिविर में 150 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। इस दौरान मोतियाबिंद, धुंधला दिखाई देना, आंखों में लाली, जलन, पानी आना सहित विभिन्न नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की गई।
जिन मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उनकी आंखों की जांच आधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनों से कर सही नंबर निर्धारित किया गया तथा उन्हें निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में काफी उपयोगी साबित होते हैं, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने गांव में ही मिल पाती हैं। उन्होंने आई फोर्ट की टीम के सेवा भाव और समर्पण की प्रशंसा की।
शिविर को सफल बनाने में आई फोर्ट की पूरी मेडिकल टीम एवं सिटी फाउंडेशन, कर्रा के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.