खूंटी में डालसा की कार्यशाला आयोजित, दुर्घटना मामलों में त्वरित न्याय पर जोर

खूंटी : व्यवहार न्यायालय, खूंटी के सभागार भवन में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी अध्यक्ष सह जिला जज प्रथम  राकेश कुमार, जिला जज तृतीय  प्राची मिश्रा, डालसा सचिव  कमलेश बेहरा एवं लोक अभियोजक वेद प्रकाश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यशाला में “MACT न्यायालय में पीठासीन अधिकारी की भूमिका (न्यायिक दृष्टिकोण)” विषय पर संबोधित करते हुए अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश- राकेश कुमार मिश्रा ने न्यायिक प्रक्रिया में संतुलन और निष्पक्षता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना मामलों के अनुसंधान में अनावश्यक विलंब न करें तथा पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता बरतें, ताकि उन्हें समय पर न्यायालय से मुआवजा मिल सके। साथ ही, बिना पर्याप्त साक्ष्य के किसी निर्दोष व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं करने और दुर्घटना मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश- प्राची मिश्रा ने “MACT से संबंधित विधिक प्रावधान एवं नवीनतम विकास” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णय का उल्लेख करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अस्पतालों में बीमा कंपनियों द्वारा कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने हाल के विधिक परिवर्तनों और उनके प्रभावों पर भी प्रकाश डाला।
लोक अभियोजक  वेद प्रकाश ने “मोटर दुर्घटना मामलों में जांच को सुदृढ़ करने” विषय पर अपने विचार रखते हुए प्रभावी और वैज्ञानिक जांच की आवश्यकता बताई। वहीं डॉ. आनंद किशोर उरांव ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समय पर दी गई प्राथमिक सहायता से दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में डालसा सचिव श्री कमलेश बेहरा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी पदाधिकारियों से कार्यशाला में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यशाला के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को दुर्घटना मामलों के अनुसंधान की प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी भी दी गई, जिससे मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद किशोर उरांव, डीएसपी अखिल नितीश कुजूर, एलडीसी चीफ राजीव कमल, एलडीसी डेप्युटी चीफ नम्रता कुमारी, एलडीसी असिस्टेंट अमरदीप कुमार एवं  निखिल मेहता, पैनल अधिवक्ता, मीडिएटर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.