झारखंड की सियासत में खूंटी की राजनीतिक ताकत एक बार फिर उभरकर सामने आई है

खूंटी : खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा और तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया को झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति द्वारा असम विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपा जाना क्षेत्र के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का मजबूत संकेत है।

26 मार्च की सुबह दोनों विधायक वायुमार्ग से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए, जहां वे पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में दमदार प्रचार अभियान चलाएंगे। उनके अनुभव, जनसंपर्क और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
खूंटी की राजनीति हमेशा जनसरोकार, आदिवासी अस्मिता और संघर्ष की पहचान रही है। ऐसे में क्षेत्र के दोनों विधायकों की राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि खूंटी अब व्यापक राजनीतिक परिदृश्य में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
असम में लगभग एक सप्ताह के प्रवास को देखते हुए दोनों विधायकों ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया है कि विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मोबाइल के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा और आवश्यक मामलों पर त्वरित निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही, अत्यावश्यक कार्यों के लिए विधायक प्रतिनिधियों से संपर्क कर कार्यों का निपटारा करने की अपील भी की गई है।
इस खबर से खूंटी और तोरपा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि उनके जनप्रतिनिधि अब राज्य से बाहर भी अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बना रहे हैं, जिससे क्षेत्र की प्रतिष्ठा और प्रभाव दोनों में वृद्धि हो रही है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.