मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, तीनों ब्राउन शुगर के है एडिक्ट

खूंटी : ब्राउन शुगर का इस्तेमाल करने वाले तीन बाइक चोरों को पुलिस ने धर दबोचा। जिसमें दो कर्रा रोड खूंटी तथा एक मेकॉन कॉलोनी डोरंडा का निवासी है। गिरफ्तार आरोपियों में कर्रा रोड निवासी 23 वर्षीय सोनू राम, 23 वर्षीय बजरंग कुमार और डोरंडा मेकॉन कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय कुमार प्रिंस कुमार उर्फ चिन्दु शामिल है। 

इस सम्बन्ध में खूँटी थाना में 8 अप्रैल को कांड संख्या 51/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। दर्ज मामले के आलोक में खूंटी पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन ब्राउन शुगर के नशेड़ियों को धर दबोचा। इस मामले में पहले से गिरफ्तार अभियुक्त नितिन नायक के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मोटरसाइकिल चोरी में शामिल तीन अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक ने प्रेस ब्रीफ में बताया कि गिरफ्तार नितिन नायक ने अपने बयान में बताया कि दिनांक 6 अप्रैल की रात उसके दोस्तों द्वारा धुर्वा स्थित झोपड़ी मार्केट से एक मोटरसाइकिल चोरी की गई थी, जिसे छिपाकर रखा गया था। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक खूँटी के निर्देशानुसार एक संयुक्त छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने पतरा मैदान, खूँटी में कार्रवाई करते हुए चोरी की गई स्पलेंडर मोटरसाइकिल के साथ तीन अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे नितिन नायक के साथ जगन्नाथपुर मंदिर के पास ब्राउन शुगर का सेवन करने गए थे। देर रात लौटते समय झोपड़ी मार्केट, धुर्वा में खड़ी एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल को देखकर मौका पाकर चोरी कर ली और उसे लेकर खूँटी आ गए, जहां वे उसका उपयोग कर रहे थे।स्पलेंडर मोटरसाइकिल का नंबर  JH01FR-7794 है।

छापामारी दल में खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, खूँटी, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, पु०अ०नि० सीताराम दांगी, स०अ०नि० सुरेन्द्र लोहरा और खूँटी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.