खूंटी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एसिड अटैक व घरेलू हिंसा पर दी गई अहम जानकारी
खूंटी : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), खूंटी द्वारा शुक्रवार को कर्रा प्रखंड अंतर्गत उड़ीकेल पंचायत के काशीरा गांव में एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय झालसा के निर्देशन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष श्री रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में डालसा के पैनल सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता श्री अमरदीप कुमार ने एसिड अटैक से जुड़े कानूनों और पीड़ितों के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नालसा द्वारा संचालित “एसिड अटैक पीड़ितों के लिए योजना, 2016” के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया और बताया कि इस योजना के तहत पीड़ितों को सहायता और पुनर्वास की सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि एसिड अटैक जैसे जघन्य अपराध महिलाओं और युवतियों के जीवन को पूरी तरह प्रभावित कर देते हैं। वहीं घरेलू हिंसा, जो अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती है, पीड़ितों को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर बना देती है। इसके अलावा समाज में बढ़ती हिंसा की घटनाएं, विशेष रूप से एसिड अटैक, घरेलू हिंसा और डायन प्रथा, अत्यंत चिंताजनक हैं।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि डायन प्रथा जैसी अंधविश्वासी कुरीतियां आज भी कई क्षेत्रों में महिलाओं के शोषण और उत्पीड़न का कारण बन रही हैं, जो पूरी तरह अमानवीय और कानूनन दंडनीय है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों से अपील की गई कि—
ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें,
पीड़ितों को उचित सुरक्षा, न्याय एवं पुनर्वास दिलाने में सहयोग करें,
जागरूकता फैलाकर समाज से इन कुरीतियों को जड़ से समाप्त करें।
जरियागढ़ थाना के जांच अधिकारी ने भी ग्रामीणों से इन मुद्दों के खिलाफ आवाज उठाने और एक सुरक्षित, समान व न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में डालसा के पीएलवी (PLVs), पंचायत सचिव, मुखिया, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस संबंध में जानकारी डालसा सचिव श्री कमलेश बेहरा द्वारा दी गई।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.