खूंटी में स्वास्थ्य जांच सह रक्तदान शिविर का आयोजन, महिलाओं की सराहनीय भागीदारी

खूंटी : सदर अस्पताल खूंटी स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), DMMU खूंटी द्वारा तिरला संकुल संगठन, खूंटी सदर के बहुउद्देशीय भवन में स्वास्थ्य जांच सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्घाटन उपाधीक्षक डॉ. आनंद किशोर उरांव एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांचा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर DMMU के कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न प्रखंडों से आए सखी मंडल की दीदियों एवं अन्य कैडरों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आनंद किशोर उरांव ने कहा कि रक्तदान को महादान की श्रेणी में रखा गया है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया।
वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांचा ने अपने ऊर्जावान संबोधन में कहा कि JSLPS जनहित में लगातार इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और आगे भी प्रखंड स्तर पर ऐसे शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर के दौरान कुल 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से लगभग 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। खास बात यह रही कि इनमें 9 महिलाएं भी शामिल रहीं, जिन्होंने आगे आकर रक्तदान कर समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
काउंसलर निशांत झा द्वारा सभी रक्तदाताओं को आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
रक्तदान करने वालों में बिनीता तिर्की (BPM खूंटी), जिला प्रबंधक अजित सुशील बा, रमेश नायक, समीरन कुमार, बिमल गुलशन एक्का, जयमसीह मुंडू, पुष्पा देवी, बिरंग कांडी, पास्कर कांडी सहित अन्य शामिल रहे। कुल 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शिविर को सफल बनाने में रमेश नायक (जिला प्रबंधक, सामाजिक विकास), चंदन कुमार (BPM, अड़की), सुषमा दीवार (BPM, मुरहू), ब्रजबीन कुमार, विजेंद्र कुमार तथा सदर अस्पताल के सुशांत कुमार, कोमल कुमारी, सुनीता देवी सहित अन्य कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।यह शिविर सामाजिक जागरूकता और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.