खूंटी में उत्पाद सिपाही परीक्षा को लेकर तैयारी तेज, उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

खूंटी : झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि Jharkhand Staff Selection Commission द्वारा 12 अप्रैल 2026 को जिले में उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए खूंटी जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4668 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में किया जाएगा।
उपायुक्त आर. रॉनिटा ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें, मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहे तथा सभी इन्विजिलेटर समय पर नियमों के अनुसार परीक्षा प्रारंभ कराएं।
इसके अलावा उन्होंने गोपनीयता बनाए रखने, सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय पर प्रश्नपत्र वितरण एवं परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही केंद्र अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से सभी इन्विजिलेटरों को पूरी जानकारी देते हुए आवश्यक ब्रीफिंग सुनिश्चित करें।बैठक में अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा, जिला शिक्षा पदाधिकारी आपरूपा पॉल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.