खूंटी में “स्कूल रुआर 2026” कार्यक्रम का शुभारंभ, ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर जोर

खूंटी : झारखंड शिक्षा परियोजना, खूंटी के तत्वावधान में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय “स्कूल रुआर 2026” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने “स्कूल रुआर 2026” के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना तथा ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य स्तर पर 9 अप्रैल को किया गया था, जबकि जिला स्तर पर आज 11 अप्रैल को इसकी शुरुआत हुई। इसके तहत 13 अप्रैल को प्रखंड स्तर पर तथा 15 से 30 अप्रैल तक विद्यालय स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन विद्यालयों में विशेष मध्याह्न भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त आर. रॉनिटा ने अपने संबोधन में कहा कि “स्कूल रुआर 2026” अभियान का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि बढ़ाना और शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ अभिभावकों और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय में नामांकित कराने पर जोर देते हुए कहा कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने अपील करते हुए कहा कि यदि आसपास कोई बच्चा पढ़ाई से वंचित है तो उसे प्रेरित करें या प्रशासन को सूचित करें, ताकि उसे पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने सरकार द्वारा बच्चों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की भी जानकारी दी और कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, पुनः नामांकन, अभिभावकों की भागीदारी और शिक्षा को रोचक बनाने जैसे विषयों पर सुझाव दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीआरपी, बीआरपी, शिक्षक, स्कूली बच्चे सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.