राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर सदर अस्पताल खूंटी में भव्य आयोजन

राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर सदर अस्पताल खूंटी में भव्य आयोजन, मातृ मृत्यु दर घटाने का लिया संकल्प
 

खूंटी-  राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल खूंटी में एक गरिमामय एवं प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएस सर ने की। इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा कुजूर, डॉ. इंदिरा कुजूर सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। साथ ही Child In Need Institute (CINI) के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर संगीता मिश्रा एवं नवीन गौंझू भी शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा मातृ मृत्यु दर में कमी लाना रहा। इस दौरान विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण एवं साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से अधिकांश मातृ मृत्यु को रोका जा सकता है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डीएस सर ने कहा कि “सुरक्षित मातृत्व केवल स्वास्थ्य सेवा का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर जांच, उचित पोषण एवं सम्मानजनक देखभाल मिलना उसका अधिकार है, जिसे सुनिश्चित करना हम सभी का कर्तव्य है।”
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भावस्था के दौरान आवश्यक जांच (ANC), संस्थागत प्रसव तथा प्रसवोत्तर देखभाल (PNC) के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, जोखिम की समय पर पहचान करने एवं जरूरत पड़ने पर शीघ्र रेफरल सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
यह कार्यक्रम CINI संस्था के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें समुदाय और स्वास्थ्य प्रणाली के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा हर महिला तक सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए निरंतर प्रयास करने तथा “सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ समाज” के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन जिले में मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रशासनिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.