सुरक्षित मातृत्व की दिशा में मजबूत पहल

मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

खूंटी- राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू में एक गरिमामय एवं प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा प्रभारी (MOIC) द्वारा की गई। इस अवसर पर एएनएम, सीएचओ, सहिया, सहिया साथी, एमपीडब्ल्यू, जीएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में CINI संस्था की ओर से जिला समन्वयक संगीता मिश्रा एवं कम्युनिटी मोबिलाइज़र नवीन गौंझू की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम को और अधिक मजबूती मिली।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना, गुणवत्तापूर्ण एवं साक्ष्य-आधारित देखभाल को बढ़ावा देना तथा रोकी जा सकने वाली मातृ मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाना था। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर पहचान, उचित उपचार एवं संस्थागत स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग से अधिकांश मातृ मृत्यु को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए MOIC ने कहा कि
“सुरक्षित मातृत्व केवल स्वास्थ्य सेवा का विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी भी है। हर गर्भवती महिला को समय पर जांच, संतुलित पोषण और सम्मानजनक देखभाल मिलना जरूरी है।”
इस दौरान गर्भावस्था के पूर्व एवं दौरान आवश्यक जांच (ANC), सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव तथा प्रसवोत्तर देखभाल (PNC) के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान, समय पर रेफरल एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
CINI संस्था के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य तंत्र और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
यह आयोजन जिले में मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रशासनिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

संवाददाता - शहीद अंसारी खूंटी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.