खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के 3 वर्ष पूरे, खिलाड़ियों ने जीते 111 से अधिक पदक

खूंटी : खूंटी राइफल शूटिंग क्लब ने अपने स्थापना के सफलतापूर्वक 3 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि के मौके पर क्लब से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल देखा गया। स्थापना के बाद से ही क्लब ने शूटिंग खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए जिले का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

पिछले तीन वर्षों में क्लब के खिलाड़ियों ने नेशनल, ईस्ट जोन, स्टेट चैंपियनशिप और सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 111 से अधिक पदक अपने नाम किए हैं। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम मानी जा रही है।
क्लब के प्रतिभाशाली शूटर रचित रंजन प्रसाद ने लगातार दो वर्षों तक शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ₹60,000 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई, जो अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष एसडीएम दीपेश कुमारी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि क्लब भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराता रहेगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम और ऊंचा कर सकें।
क्लब के उपाध्यक्ष अमितेश भगत, सचिव सह कोच अनुज कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन कुमार, सदस्य विपुल कुमार, रुपेश कुमार और सुजल सहित अन्य सदस्यों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।
खूंटी राइफल शूटिंग क्लब ने यह भी संकल्प लिया कि वह आगे भी युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए शूटिंग खेल के विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.