स्कूल रूआर अभियान शुरू, शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य: बीडीओ

खूंटी : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की महत्वपूर्ण पहल स्कूल रूआर-2026 के तहत प्रखंड में शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान की शुरुआत की गई। इस क्रम में उच्च विद्यालय कर्रा के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहु ने विभागीय उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बच्चों को चिन्हित कर उनका नामांकन कराया जाएगा। उन्होंने अभियान की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की।

बीडीओ ने सभी शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि शिशु पंजी के सर्वेक्षण के आधार पर चिन्हित सभी बच्चों का नामांकन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं माता समितियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। साथ ही, प्रतिदिन की गतिविधियों की तस्वीरें व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों के पोषक क्षेत्र, पंचायत और पूरे प्रखंड को जीरो ड्रॉपआउट बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए।
लोधमा पंचायत की मुखिया मंजुला उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत स्तर पर बैठक कर विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा और पंचायत को जीरो ड्रॉपआउट घोषित करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं बकसपुर, हाकाजांग, लिमडा एवं सूनगी पंचायत के मुखियाओं ने भी अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर, प्रखंड के सभी 173 विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक, प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी एवं टाटा ट्रस्ट की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहु ने किया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.