खूंटी उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में वित्तीय अनुशासन एवं विपत्रों की निकासी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में वित्तीय अनुशासन एवं विपत्रों की निकासी से पूर्व आवश्यक सावधानियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंड एवं अंचल अधिकारी, सभी डीडीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा कोषागार से राशि निकासी में पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पुलिस विभाग जैसे अधिक कर्मी संख्या वाले विभागों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी को असावधानीपूर्वक साझा न किया जाए, ताकि वित्तीय अनियमितताओं से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही सभी पदाधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में किए गए निकासी का मिलान कर सत्यापन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से साझा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन बिलिंग क्लर्कों की एक ही स्थान पर तीन वर्षों से अधिक अवधि से पदस्थापन है, उनकी विस्तृत जानकारी अविलंब उपलब्ध कराई जाए। उपायुक्त ने कहा कि बिना पे-स्लिप के किसी भी प्रकार की वेतन निकासी कदापि न की जाए तथा सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.