खूंटी के 15वें उपायुक्त बने सौरभ कुमार भुवानिया

खूंटी :  जिले को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2019 बैच के अधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जिले के 15वें उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।नवनियुक्त उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने निवर्तमान उपायुक्त आर रॉनिटा से विधिवत कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने समाहरणालय सभागार में जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ परिचय बैठक की। मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आगामी रविवार को आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकार की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे पहले जिले की समस्याओं और प्राथमिकताओं को गहराई से समझेंगे, उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस संबंध में निवर्तमान उपायुक्त आर रॉनिटा से उनकी कई दौर की चर्चा भी हो चुकी है। उपायुक्त ने कहा कि पूर्व उपायुक्त के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। पदभार ग्रहण के मौके पर जिले के वरीय पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मी, मीडिया प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त उपायुक्त का स्वागत किया और निवर्तमान उपायुक्त के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.