उप कारागार में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
खूंटी - जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) खूंटी द्वारा उप कारागार,खूंटी में रविवार को जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झालसा के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जेल अदालत के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान व्यवहार न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अर्जुन साव ने बंदियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बंदी को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है और न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने में जेल अदालत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम में डीएलएसए,खूंटी के सचिव कमलेश बेहरा ने जानकारी दी कि इस अवसर पर जेल अदालत में निस्तारण हेतु कोई उपयुक्त मामला प्रस्तुत नहीं किया गया। हालांकि,बंदियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका और न्याय तक पहुंच के विभिन्न माध्यमों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस मौके पर विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता (Legal Aid Defence Counsels) की डेप्युटी चीफ नम्रता कुमारी,अधिवक्ता अजय कुमार मिश्रा,जेल पीएलवी एवं अन्य जेलकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी डीएलएसए सचिव कमलेश बेहरा द्वारा दी गई।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी


No Previous Comments found.