नारी वंदन अधिनियम के विरोध से विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता उजागर : सत्यनारायण सिंह

खूंटी : भारतीय जनता पार्टी के खूंटी जिल प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर कर दिया है। खूंटी जिला प्रभारी मंगलवार को खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पार्टी के अन्य नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पार्टी नेताओं ने महिला आरक्षण और नारी वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा के खूंटी जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों के रास्ते में बाधा खड़ी की है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष ने विरोध नहीं किया होता तो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण 2029 तक लागू हो सकता था।

सत्यनारायण सिंह ने कहा कि विपक्ष  परिसीमन और जनगणना जैसे मुद्दों को बहाना बनाकर महिलाओं को उनका अधिकार देने से बचना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में हंगामा कर विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर कर दिया है। भाजपा इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में आक्रोश मार्च के माध्यम से जनता के बीच जाएगी और विपक्ष का असली चेहरा सामने लाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल को रांची में पार्टी की ओर से एक बड़ा आक्रोश मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में खूंटी जिले से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए लगातार काम कर रही है और भविष्य में भी महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, महामंत्री रूपेश जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो तथा नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी उपस्थित थीं। बताया गया कि सांसद गीता कोड़ा को भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होना था, लेकिन किसी कारणवश वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकीं।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.