खूंटी उपायुक्त द्वारा समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दिए आवश्यक निर्देश
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्थिति एवं उनमें उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, एमटीसी केंद्र का संचालन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभुकों की संख्या, टीएचआर वितरण, पोषण ट्रैकर में आधार मैपिंग, पोषण वाटिका सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे लाभुकों की पहचान करने को कहा, जो आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ऐसे सभी लाभुकों के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष कैम्प आयोजित कर आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में परियोजना निदेशक सह प्रभारी उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, एलएस समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.