भीषण गर्मी में राहत: खूंटी क्लब ने शुरू किया प्याऊ
खूंटी : में बढ़ती गर्मी को देखते हुए खूंटी क्लब ने सराहनीय पहल की है। क्लब द्वारा राहगीरों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्याऊ की शुरुआत की गई है। भीषण गर्मी के बीच सामाजिक दायित्व निभाते हुए खूंटी क्लब ने सोमवार को क्लब गेट के बाहर प्याऊ का शुभारंभ किया। इसका उद्घाटन क्लब के सचिव गणपत कुमार भगत ने फीता काटकर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन के अवसर पर सचिव गणपत कुमार भगत ने कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। उन्होंने आगे कहा कि भीषण गर्मी में एक घूंट ठंडा पानी भी लोगों को राहत पहुंचा सकता है। खूंटी क्लब हमेशा जनहित के कार्यों में आगे रहा है और आगे भी समाज सेवा के कार्य करता रहेगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी इस तरह की पहल में आगे आएं और जरूरतमंदों की मदद करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया। यह प्याऊ गर्मी के मौसम में राहगीरों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रंजीत प्रसाद, उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, संगठन सचिव प्रदीप पांडेय, कृष्ण कुमार मिश्र, महेश चौधरी, मनोज लहकार, श्यामकिशोर भगत, कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, सुदामा साहू समेत कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.