खूंटी उपायुक्त ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर जताया गहरा असंतोष
खूंटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की कार्यकारी एजेंसियों की समीक्षा बैठक आयोजित।उपायुक्त ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर जताया गहरा असंतोष।* उपायुक्त ने योजनाओं को ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ण कराने के दिए निर्देश।उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों की कार्यकारी एजेंसियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के तहत जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति एवं प्रतिवेदनों की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त द्वारा विभिन्न विभागों के अबतक पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण योजनाओं के कारणों की संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना अंतर्गत जिले में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि आगामी बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना अंतर्गत संचालित सभी सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन विवरणी प्रस्तुत की जाए।उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान वे स्वयं जिले की पूर्ण एवं अपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण करेंगे तथा कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करेंगे।बैठक में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, एनआरईपी, पथ प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.