अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस धूमधाम से मनाया गया, मजदूरों के अधिकारों पर दिया गया जोर

खूंटी - अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन असंगठित कामगार मोटिया मजदूर किसान संघ के तत्वावधान में संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूरों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डालसा के सहायक एलएडीसी अमरदीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करना आवश्यक है। उन्होंने मजदूर हितों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने पर बल दिया।
वहीं डालसा के अधिवक्ता मदन कुमार गंजू ने अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1 मई 1886 को अमेरिका में मजदूरों द्वारा 14 घंटे के कार्य समय के विरोध में 8 घंटे काम की मांग को लेकर आंदोलन किया गया था। इस दौरान दमनात्मक कार्रवाई में कई मजदूरों की जान चली गई, जिसके बाद से ही 1 मई को मजदूर दिवस के रूप में मनाया जाता है।
विशिष्ट अतिथि वार्ड संख्या 9 के पार्षद विनय नायक ने कहा कि मोटिया और रिक्शा चालक अपनी शारीरिक मेहनत से जीवन यापन करते हैं, लेकिन उन्हें उनके श्रम का उचित प्रतिफल नहीं मिल पाता है। उन्होंने मजदूरों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी स्थिति सुधारने की आवश्यकता जताई।
संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी ने कहा कि 1 मई 1886 की घटना के बाद पूरे विश्व में मजदूर दिवस मनाया जाने लगा। इस अवसर पर रेजा-कुली मजदूरों को अंगवस्त्र, गमछा एवं गंजी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के तहत डाक बंगला, खूंटी से एक जुलूस निकाला गया, जो नेताजी चौक, ऊपर चौक पेट्रोल पंप, भगत सिंह चौक होते हुए पुनः डाक बंगला परिसर पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस दौरान मजदूर नेता धर्मेंद्र मांझी, विक्रम महतो, प्रखंड अध्यक्ष आनंद कोंगडी, प्रखंड युवा अध्यक्ष डेविड हमसोए सहित कई लोग उपस्थित रहे। साथ ही रांची जिला के लिए हरीश हसन उर्फ राजा को संघ का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यक्रम में मोहम्मद आरिफ, इमरान अंसारी, शाहबाज अंसारी, आमिर कुरैशी, सुशांति डांग, रेखा देवी, पूसो देवी, झालो देवी, करीना कुमारी, आशा कुमारी, अरविंद कुमार, अशोक मुंडा, सोम मुंडा, गणेश उरांव, रमेश महतो, दुर्गा चरण मुंडा समेत सैकड़ों की संख्या में मजदूर एवं किसान उपस्थित रहे।  

संवाददाता - शहीद अंसारी, खूंटी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.