खूंटी में 14-15 मई को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेला

खूंटी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), खूंटी जिला द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी “प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 सह शिक्षा मेला” का आयोजन 14 एवं 15 मई 2026 को खूंटी में किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 14 मई को 10वीं एवं द्वितीय दिवस 15 मई को 12वीं (JAC, CBSE एवं ICSE) में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर जिले भर से विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षकगण एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। दो दिवसीय इस शिक्षा मेला में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को विभिन्न कोर्स, करियर विकल्प, उच्च शिक्षा तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अनुभवी करियर सलाहकारों द्वारा निःशुल्क प्रदान की जाएगी। जो विद्यार्थी या अभिभावक अपने भविष्य एवं करियर को लेकर चिंतित हैं, वे इस मेला में भाग लेकर उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इस संबंध में प्रकाश टुटी ने जिले के सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी पढ़ाई में उत्कृष्ट हैं लेकिन आर्थिक अभाव के कारण आगे की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, वे इस शिक्षा मेला में अवश्य शामिल हों। परिषद ऐसे विद्यार्थियों को पढ़ाई एवं मार्गदर्शन में हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेगी। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों, इंटर कॉलेजों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.