खूँटी से दुबई के मंज़िल की ओर बढ़ते कदम, कल्याण गुरुकुल, खूंटी से 44 युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार हेतु रवाना
खूंटी : कल्याण विभाग, झारखंड सरकार की विशेष पहल प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित कल्याण गुरुकुल, खूंटी परिसर से आज 44 युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर के तहत हरी झंडी दिखाकर एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया।
इन युवाओं को दुबई में टाइल्स मेसन जैसे निर्माण कार्यों में रोजगार के लिए भेजा जा रहा है। सभी प्रशिक्षु कल्याण गुरुकुल, खूंटी में 3 माह का कौशल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुके हैं। यह दल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के कौशल एवं प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करेगा।
समारोह में परियोजना निदेशक आइटीडीए-सह-उप विकास आयुक्त,आलोक शिकारी कच्छप, प्रमुख रोहित सुरीन, उप प्रमुख संतोष कुमार कर, मुखिया श्रीमती अगन्था भेंगरा, उप मुखिया शीतल मांझी एवं गुरुकुल सदाशयी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं के शुभ यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह केवल रोजगार की शुरुआत नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, अनुशासन एवं परिश्रम के साथ कार्य करते हुए झारखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कल्याण गुरुकुल, खूंटी के प्राचार्य भूपेंद्र शर्मा, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की सलाह दी।
प्रेझा फाउंडेशन की यह पहल झारखंड के युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें देश एवं विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
प्रेझा फाउंडेशन, कल्याण विभाग, झारखंड सरकार की विशेष प्रयोजन वाहिनी के रूप में कार्यरत है, जो कल्याण गुरुकुल के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है। पिछले 14 वर्षों में संस्था द्वारा 40 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।
वर्तमान में झारखंड राज्य में 27 कल्याण गुरुकुल, 8 एएनएम नर्सिंग कॉलेज एवं 1 आईटीआई कौशल कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं। प्रेझा फाउंडेशन के इन प्रयासों से राज्य के युवाओं का भविष्य सशक्त हो रहा है तथा झारखंड की प्रगति को नई दिशा मिल रही है।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.