खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की उठाई मांग

खूंटी : खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने सोमवार को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र की जनहित एवं स्वास्थ्य संबंधी लंबित योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई।

सांसद ने खास तौर पर खूंटी लोकसभा क्षेत्र के अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड एवं अतिरिक्त कमरों के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल भवन का विस्तार जरूरी है।
इसके अलावा उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले में प्रस्तावित 500 बेड अस्पताल निर्माण कार्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत 12 नवंबर 2011 को की गई थी और इसके लिए 25 एकड़ भूमि भी उपलब्ध है, लेकिन वर्षों से निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। सांसद ने इस योजना को जल्द पुनः शुरू कर पूरा कराने की मांग की।
सांसद मुंडा ने सिमडेगा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान सांसद ने मुख्य सचिव को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। इस पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने आश्वस्त किया कि सभी लंबित योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर शशि भूषण राय, नईमुद्दीन खान एवं विजय कुमार स्वांसी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.