धुमकुड़िया केवल एक भवन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक का प्रतीक होता हैं - तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया

खूंटी : कर्रा प्रखंड अंतर्गत लिमड़ा पंचायत के ग्राम सोटेया, कोनहप्पा एवं चान्हो में आज हमारी आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक पहचान के प्रतीक धुमकुड़िया भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि धुमकुड़िया केवल एक भवन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और पारंपरिक मूल्यों का जीवंत केंद्र है।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और समृद्ध आदिवासी विरासत से जुड़ी हमारी सभ्यता सदियों से समाज को आपसी भाईचारा, संस्कार और सामुदायिक जीवन का संदेश देती रही है। धुमकुड़िया हमारी लोक परंपराओं, नृत्य-संगीत, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, जिसे संरक्षित और सशक्त करना आज की आवश्यकता है।

विधायक श्री गुड़िया ने कहा कि नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा, संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से जुड़ी रहे, इसी संकल्प के साथ इन धुमकुड़िया भवनों के निर्माण की पहल की गई है। क्षेत्र के समग्र विकास के साथ-साथ आदिवासी अस्मिता एवं सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, बुजुर्गों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का स्वागत किया। विधायक श्री गुड़िया को ग्रामीणों का स्नेह, विश्वास एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.