अवैध अफीम और हथियार के साथ तीन अफीम तस्कर गिरफ्तार

 खूंटी : खूंटी पुलिस लगातार अफीम तस्करों पर नकेल कस रही है। इसी क्रम में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अफीम तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 426 ग्राम अवैध अफीम, एक 9 एमएम पिस्टल, दो गोली, एक मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि 11 मई 2026 को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि चिकोर-हेसाहातु मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल से तीन व्यक्ति अवैध अफीम और हथियार लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान डोकरा गांव के पास पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान तीनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में अफीम और हथियार बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अफीम की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियो में 20 वर्षीय
धनंजय लोहरा, 21 वर्षीय
योगेंद्र साहू और 26 वर्षीय
राजेंद्र महतो उर्फ कल्लू शामिल हैं। जिसमें योगेंद्र साहू कामडारा क्षेत्र तथा धनंजय और राजेंद्र महतो बेलहाथी रोड खूंटी के निवासी हैं। खूंटी पुलिस इस मामले में एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापामारी अभियान में खूंटी थाना और एनडीपीएस थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.