रांची रोड पर दर्दनाक हादसा, टैंकर की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत

खूंटी - रांची मुख्य मार्ग स्थित हूटार चौक के समीप आज एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भारत पेट्रोलियम का एक टैंकर तेज रफ्तार से आ रहा था, जिसने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। और मृतक का बाईक टैंकर के अंदर फंस गया। मृतक की  पहचान 30 वर्षीय परिमल सांगा, पिता स्वर्गीय सुलेमान सांगा, खूंटी निवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस और अंचल अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। खासकर पेट्रोल डीजल एजेंसियों के भारी वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, इसके बावजूद इस प्रकार की घटनाएं होना चिंता का विषय बना हुआ है।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.