खूंटी में भाजपा का आक्रोश मार्च, बिजली-पानी संकट को लेकर समाहरणालय तक प्रदर्शन

खूंटी-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खूंटी जिला इकाई की ओर से बिजली और पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को जोरदार आक्रोश मार्च निकाला गया। यह मार्च कचहरी मैदान से शुरू होकर जिला समाहरणालय तक पहुंचा, जिसकी अगुवाई जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन शामिल हुए।

आक्रोश मार्च में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, मुनेश्वर साहू तथा तोरपा के पूर्व विधायक कोच मुंडा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा और मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। महिला कार्यकर्ताओं ने सिर पर घड़ा रखकर विरोध जताया। समाहरणालय गेट के समीप पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने घड़ा फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने कहा कि भाजपा शासनकाल में बनी पानी टंकियों में अब तक पाइपलाइन नहीं लग सकी है, जिससे जनता पेयजल संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना को राज्य सरकार सही तरीके से लागू नहीं कर पा रही है।
वहीं, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने राज्य सरकार पर बिजली और पानी की व्यवस्था में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और स्मार्ट मीटर के जरिए आम लोगों से मनमाना बिल वसूला जा रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है और चारों ओर पानी और बिजली का संकट गहराया हुआ है।
इस आक्रोश रैली में महिला मोर्चा की सदस्याओं सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए। प्रमुख रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, वार्ड सदस्य कविता वर्मा, जूही, प्रियंका टोपनो, जिला उपाध्यक्ष कैलाश राम, जगन्नाथ मुंडा, संतोष त्रिपाठी, गंदौरी गुड़िया, जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, रूपेश जायसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो, जिला मंत्री गोपाल स्वर्णकार, प्रियंक भगत, मंडल अध्यक्ष सुबोध कुमार गुप्ता, सुधीर सिंह, किशोर बड़ाइक, मुस्कू स्वासी, ज्ञान रंजन सिंह, मुचीराय मुंडा, रुक्मिला सारू, आशीष कुमार, विजय राम, महावीर राम, संजय साहू समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शहीद अंसारी खूंटी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.