खूंटी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 लाख की अफीम और 231 किलो डोडा बरामद, वाहन जब्त
खूंटी : खूंटी में पुलिस लगातार अवैध अफीम डोडा के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में खूंटी और मुरहू पुलिस ने दस लाख मूल्य का लगभग दो किलो अवैध अफीम, 231 किलोग्राम डोडा, एक कार, बाइक और काला बैग जब्त किया है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस ब्रीफ में बताया कि पुलिस को अफीम डोडा के कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक और एसडीपीओ की अगुवाई में छापामारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम द्वारा खूंटी-चाईबासा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। भागने के दौरान आरोपी का काला बैग खेत में गिर गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक में लिपटा हुआ काला-भूरा पदार्थ मिला, जिसे जांच में अवैध अफीम पाया गया। बरामद अफीम का वजन करीब दो किलोग्राम बताया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और काला बैग भी जब्त किया है।
वहीं मुरहू थाना क्षेत्र के गनालोया सारिदकेल के पास चार पहिया वाहन के साथ कुछ संदिग्ध लोग खड़े थे। पुलिस को आता देखकर सभी भाग खड़े हुए। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें 13 बोरों में भरा लगभग 231 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत खूंटी और मुरहू थाना में अलग अलग मामले दर्ज किए गए।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.