अड़की के दूरस्थ पंचायतों का निरीक्षण, जन सेवा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

खूंटी :  खूंटी जिले के अड़की प्रखंड के सुदूरवर्ती पंचायतों में जनसेवा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में 14 मई 2026 को जिला पंचायत राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने अड़की प्रखंड के मधातु एवं तोड़ांग पंचायतों का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र पड़ासू तथा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय चालकद का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का आकलन करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालय निरीक्षण के क्रम में डॉ. सिंह ने छात्रों से सीधे संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई की गुणवत्ता एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। वहीं स्वास्थ्य उपकेंद्र पड़ासू में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग को जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं को खुलकर अधिकारियों के समक्ष रखा।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने पंचायत सचिव को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर ज्ञान केंद्र को पूरी तरह सक्रिय किया जाए, ताकि छात्रों एवं ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके और वहां नियमित गतिविधियां संचालित हो सकें। साथ ही पंचायत भवन को हर समय क्रियाशील रखने और आम जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पंचायत भवन से निर्गत होने वाले सभी प्रकार के प्रमाण पत्र समयबद्ध तरीके से जारी किए जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा प्रज्ञा केंद्र संचालकों को पंचायत भवन में बैठकर कार्य करने का निर्देश दिया गया, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं आसानी से मिल सकें।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान सेविका को बच्चों की नियमित वजन मापी, ग्रोथ चार्ट का सही संधारण एवं बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया गया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.