खूंटी में पेट्रोल-डीजल संकट, कई पंप हुए ड्राई
खूंटी : राजधानी रांची से सटे खूंटी जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रहा है। जिले के कई पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं, जिससे आम जनता परेशान होने लगी है।खूंटी जिले के कोबरा बटालियन के समीप स्थित पेट्रोल पंप और हूटार-जियारप्पा इलाके का पेट्रोल पंप पूरी तरह से ड्राई हो चुका है। इन पंपों पर पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बाइक, स्कूटी से लेकर छोटे और बड़े चारपहिया वाहनों के चालकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, लेकिन निराशा ही हाथ लग रही है।
स्थिति यह है कि लोग पेट्रोल की तलाश में एक पंप से दूसरे पंप तक भटकने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा असर दैनिक जीवन पर पड़ रहा है, जहां कामकाजी लोग समय पर कार्यस्थल नहीं पहुंच पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार पेट्रोल-डीजल की कमी बनी हुई है। कई बार घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी तेल नहीं मिल रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। इस संकट का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्कूल बसों और निजी वाहनों के संचालन में दिक्कत आने से पढ़ाई भी प्रभावित हो सकती है।
इसके अलावा एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ने की चिंता लोगों के बीच साफ देखी जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर इस पेट्रोल-डीजल संकट का समाधान कब तक होगा। स्थानीय लोगों की नजरें अब केन्द्र और राज्य सरकार पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.