खूंटी में वट सावित्री पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

खूंटी : खूंटी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया वट सावित्री पर्व। जिले भर में शनिवार को वट सावित्री पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने विधिविधान से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। सुबह से ही पूजा स्थलों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर पूजा की थाली लेकर वट वृक्ष के पास पहुंचीं और पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की।

खूंटी थाना के सामने स्थित वट वृक्ष, महादेव मंडा परिसर सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर महिलाओं ने व्रत रखकर वट वृक्ष की परिक्रमा की तथा धागा बांधकर सुखी दांपत्य जीवन की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने सत्यवान-सावित्री की कथा भी श्रद्धापूर्वक सुनी। कथा में सावित्री के अटूट प्रेम, त्याग और तपस्या का वर्णन किया गया, जिसने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। इस कथा को सुनकर महिलाओं ने अपने वैवाहिक जीवन में प्रेम, समर्पण और विश्वास बनाए रखने का संकल्प लिया।
पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत भी गाए और एक-दूसरे को वट सावित्री पर्व की शुभकामनाएं दीं। खूंटी शहर के अलावा कर्रा, तोरपा, मुरहू, अड़की और रनिया प्रखंडों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर अखंड सौभाग्य की कामना की। पूरे जिले में पर्व को लेकर उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.