कर्रा में खाद्य गोदामों का निरीक्षण, समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश
खूंटी : झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने बुधवार को कर्रा प्रखंड स्थित विभिन्न खाद्यान्न गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद्यान्न के रखरखाव, साफ-सफाई एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वप्रथम सचिव ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि एक बोरा चावल में कितना प्रतिशत टूटा हुआ अनाज है और इसकी जांच कैसे की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि मशीन में खाद्यान्न डालने के बाद टूटे हुए अनाज का प्रतिशत पता चल जाता है। सचिव ने कहा कि विभाग द्वारा जल्द ही सभी केंद्रों को मॉइस्चर मीटर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने एसआईओ व्यवस्था की भी जानकारी ली।
इसके बाद सचिव ने लैम्पस परिसर स्थित नमक गोदाम का निरीक्षण किया। वहीं पीपल पेड़ के पास एवं कुदा रोड स्थित गोदामों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभाग के जेई सुदर्शन को पीपल पेड़ स्थित जर्जर गोदाम को कंडम कर नया प्राक्कलन तैयार करते हुए नया गोदाम निर्माण कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अंत में सचिव ने कहा कि पीडीएस दुकानदारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना चाहिए तथा लाभुकों को राशन उठाव में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मौके पर अपर सचिव संजय जी, कार्यपालक अभियंता संजय कुमार, खूंटी डीएसओ भीम उरांव, कर्रा बीडीओ स्मिता नगेशिया, डीएसओ अभिषेक कुमार महली, एकाउंटेंट कंचन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.