खुले में पढ़ रहे बच्चों को देख रुके विधायक सुदीप गुड़िया,नए आंगनबाड़ी भवन की अनुशंसा
खूंटी - विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चाँपी में खुले आसमान के नीचे पढ़ाई कर रहे छोटे-छोटे बच्चों को देखकर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया भावुक हो उठे। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जैसे ही उनकी नजर टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई कर रहे बच्चों पर पड़ी, उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया और बच्चों के बीच पहुंच गए। जानकारी के अनुसार ग्राम चाँपी में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन नहीं होने के कारण बच्चे चिलचिलाती धूप और धूल के बीच खुले में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इस स्थिति को देखकर विधायक सीधे बच्चों के पास जमीन पर बैठ गए और उनसे बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने बच्चों की किताबें देखीं तथा वहां मौजूद आंगनबाड़ी सेविका से केंद्र की समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि लंबे समय से भवन के अभाव में बच्चों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मौके से ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही ग्राम चाँपी में नए एवं सुसज्जित आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए तत्काल अनुशंसा भी कर दी। इस मौके पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित वातावरण और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “चाँपी के मासूम बच्चों को खुले आसमान के नीचे धूप और धूल में पढ़ते देख मन बेहद व्यथित हुआ। बच्चों को इस स्थिति में छोड़ना उचित नहीं है। जल्द ही यहां नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाएगा, ताकि बच्चों को बेहतर माहौल मिल सके।” विधायक के इस संवेदनशील व्यवहार और त्वरित पहल की ग्रामीणों ने सराहना की है। गांव के लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा बच्चों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही कार्रवाई करना सराहनीय कदम है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही ग्राम चाँपी के बच्चों को अपनी नई और सुरक्षित पाठशाला मिलेगी।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी

No Previous Comments found.