मंगल सिंह जामुदा बने खूंटी के नए एसडीपीओ

खूंटी : झारखंड सरकार द्वारा पुलिस प्रशासन में किए गए तबादले के क्रम में खूंटी जिले को नया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मिला है। वर्ष 2013 बैच के पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा ने खूंटी एसडीपीओ के रूप में कमान संभाली। कमान संभालने के बाद उन्होंने जिले में अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था को मजबूत करने तथा आम जनता के साथ बेहतर संबंध बनाए रखना पहली प्राथमिकता बताया। मूल रूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर निवासी मंगल सिंह जामुदा इससे पूर्व भी विभिन्न जिलों में अपनी सेवा दे चुके हैं। कमान संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि खूंटी जिला संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी तथा किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस का  विशेष  फोकस, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे। इसके साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने तथा समाज में शांति और सौहार्द्र कायम रखने की दिशा में भी विशेष पहल की जाएगी। नवनियुक्त एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने यह भी कहा कि पुलिस आम जनता की मित्र है और लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। थाना स्तर पर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाएगी तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और पारदर्शी बनाया जाएगा। खूंटी में नए एसडीपीओ की नियुक्ति को लेकर जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस महकमे में भी हलचल तेज है। आम लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

रिपोर्टर : ज्योत्सना 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.