राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, किया फल वितरण व रक्तदान
खूंटी : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। इस दौरान सांसद कालीचरण मुंडा एवं जिला प्रभारी चैतू उरांव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे। सूचना प्रौद्योगिकी, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मताधिकार दिलाने जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने देश की दिशा बदल दी।
सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने की मजबूत नींव रखी। दूरसंचार क्रांति और कंप्यूटर युग की शुरुआत उनकी दूरदर्शिता का परिणाम है। वहीं जिला प्रभारी चैतू उरांव ने कहा कि राजीव गांधी के बताए सद्भावना, भाईचारा और विकास के मार्ग पर चलकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
श्रद्धांजलि सभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बीच फल वितरण किया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके उपरांत जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
मौके पर प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खान, देवजीत देवधरिया, विलसन तोपनो, रविकांत मिश्रा, गुलाम गौश, गोपाल भगत, एलेकसियूस परधिया, जुनैद अहमद, पौल भेंगरा, शशिकांत होरो, सोहेल अंसारी, जेम्स तोपनो, पीटर मुंडू सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.