मुरहू के कस्तूरबा विद्यालय में AI एवं STEM लैब का उद्घाटन
खूँटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने गुरुवार को पीएम कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मुरहू में आधुनिक AI एवं STEM लैब का उद्घाटन किया। यह लैब जिला प्रशासन द्वारा CSR के तहत Altius कंपनी के सहयोग एवं अंक फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित की गई है। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं एवं शिक्षकों ने उपायुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया।
उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में Robotics और Artificial Intelligence जैसी तकनीकें भविष्य की दिशा तय कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे तकनीकी और नवाचार आधारित क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकें। उन्होंने छात्राओं को लैब का अधिकतम उपयोग कर नई तकनीकों को सीखने के लिए प्रेरित किया।
AI एवं STEM लैब के माध्यम से छात्राओं को Robotics, Coding, Artificial Intelligence, 3D Learning समेत Science, Technology, Engineering and Mathematics से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा मिलेगी। इस दौरान उपायुक्त ने कक्षा 7वीं से 10वीं तक की छात्राओं द्वारा तैयार साइंस एग्जीबिशन मॉडल का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए पठन-पाठन व्यवस्था, शिक्षकों एवं छात्राओं की संख्या, कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम, छात्रावास व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता तथा खेल मैदान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने विज्ञान शिक्षक की कमी की समस्या रखी, जिस पर उपायुक्त ने जल्द विज्ञान शिक्षक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षकगण, अंक फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.