खूंटी को मिले नए उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश

खूंटी :  खूंटी जिले के 25वें उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के रूप में प्रवीण कुमार प्रकाश (झा.प्रा.से.) ने सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप से कार्यभार प्राप्त किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थापित डीडीसी प्रवीण कुमार प्रकाश ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों से मुलाकात कर जिले में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
प्रवीण कुमार प्रकाश इससे पूर्व संयुक्त परिवहन आयुक्त के पद पर राज्य में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा देवघर और लोहरदगा में भी विभिन्न प्रशासनिक पदों  पर  रहते  हुए दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। विकास शाखा में कार्य करने के दौरान उन्हें राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने का अनुभव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त प्रशासनिक अनुभव का लाभ खूंटी जिले के विकास कार्यों को गति देने में मिलेगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।

मूल रूप से रामगढ़ के निवासी प्रवीण कुमार प्रकाश ने अपनी शिक्षा हजारीबाग में पूरी की है। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। 
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरूपा पाल चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार सील, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.