बकरीद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्द्रपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

खूंटी : आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांति एवं, सौहार्द भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर खूंटी नगर भवन में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने की। बैठक में जिले के पुलिस पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे।

बैठक में बकरीद पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक भाईचारे के साथ मनाने का अपील की गयी। साथ ही नगर पंचायत के अधिकारियों को शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सभी मस्जिदों में पेयजल एवं  विद्युत  व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।इस अवसर पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने का ग़लती ना करें किसी भी परिस्थिति में वैसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

उपायुक्त ने मुस्लिम समाज के लोगों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि कुर्बानी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा अवशेषों का सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि अवशेषों को उचित स्थान पर गड्ढा खोदकर दफनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि खूंटी पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने तथा बकरीद पर्व को शांति और सौहार्द  से संपन्न करने का बात कहीं। प्रशासन ने भी जिलेवासियों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील की।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.