बकरीद त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने किया मॉक ड्रिल

खूंटी : आगामी पर्व त्योहार के मद्देनजर खूंटी पुलिस शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के निमित्त मॉक ड्रिल का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के दौरान खूंटी के कचहरी मैदान में पुलिस टीम द्वारा दंगाईयों और असामाजिक तत्वों से निपटने की पूरी तैयारी कराई गई। जैसे ही दंगाईयों द्वारा हिंसक गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है जिला पुलिस बल, जैप, रैफ की टुकड़ी दंगाईयों पर नियंत्रण के लिए हवाई फायरिंग करेगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अश्रु गैस के गोले दागने की जरूरत पड़े तो पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। 

जिले के पुलिस कप्तान ऋषभ गर्ग ने बताया कि आगामी बकरीद त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य करेगी। हालांकि पूर्व में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया लेकिन रामनवमी के त्योहार के वक्त मुरहू में कुछ हिंसक झड़पे हुई थीं। मुरहू में हुए पूर्व हिंसक मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने किसी भी तरह के तनावपूर्ण माहौल और दंगाईयों को चिन्हित कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। जगह जगह चौक चौराहों पर मजिस्ट्रेट बहाल किए जायेंगे, जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बना रहे इसे लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। दंगाईयों द्वारा पत्थरबाजी या अन्य हिंसक गतिविधियों को अंजाम दिया जाए तो फौरन पुलिस एक्शन मोड में सख्ती से दंगाईयों पर कार्रवाई करेगी साथ ही किसी तरह की भगदड़ या नकारात्मक घटनाएं होती हैं तो वैसी परिस्थिति में सीनियर पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश के मुताबिक पुलिसिया कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कहीं उपद्रव की घटनाएं हों तो कंट्रोल रूम के 9471771101
नंबर पर फ़ोन कर पुलिस को जानकारी दी जा सकेगी। जगह जगह पुलिस बल तैनात रहेंगे, सीसीटीवी से शहर के चौक चौराहों और संवेदनशील इलाकों की मॉनिटरिंग की जाएगी। चौक चौराहों में महिला बटालियन की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी। किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध होंगे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। खूंटी पुलिस प्रशासन सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आमजनों के सहयोग की भी उम्मीद करती है। 

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.