खूंटी उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण
खूँटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने आज सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, विभागों एवं समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन कक्ष, SNCU कक्ष, ICU, OPD, जांच घर, मातृ शिशु अस्पताल, चिकित्सक रूम एवं अन्य विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।OPD एवं इमरजेंसी वार्ड संचालन की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने विभागवार डॉक्टरों की संख्या एवं उपस्थिति की समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि ओपीडी एवं इमरजेंसी वार्ड का संचालन बेहतर ढंग से हो तथा डॉक्टर मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित करें। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, मेडिकल वेस्ट का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने, शौचालयों एवं विभिन्न वार्डों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा गया।
ㅤ
दवा वितरण केंद्र का जायजा लेते हुए दवा के स्टॉक की जानकारी ली गई एवं उपलब्ध दवा को प्रतिदिन मरीजों के बीच वितरित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ मरीजों के इलाज का निर्देश दिया। रोस्टर अनुसार चिकित्सक, एएनएम, जेएनएम समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दवा एवं अन्य स्टॉक की जांच कर नियमित रूप से स्टॉक का संधारण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ICU के बेहतर संचालन, मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने एवं अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त PSA प्लांट को अविलंब चालू करने हेतु सिविल सर्जन एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने लैब संचालन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जांच घर के बाहर सभी जांचों का रेट चार्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही मरीजों के सैंपल सही तरीके से लेने, गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने एवं शत-प्रतिशत सही जांच परिणाम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए ताकि उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो। उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल खूंटी स्थित डीपीएच लैब में राशनकार्डधारी एवं बीपीएल परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल खूंटी में 80 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें बायोकेमिस्ट्री, हेमेटोलॉजी, सीरोलॉजी, हार्मोनल टेस्ट, यूरिन जांच सहित कई महत्वपूर्ण जांच शामिल हैं। निशुल्क उपलब्ध प्रमुख जांचों में लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, सीबीसी, प्लेटलेट काउंट, डेंगू, मलेरिया, एचआईवी, थायरॉइड प्रोफाइल, विटामिन बी12, विटामिन डी, प्रेगनेंसी टेस्ट, यूरिन रूटीन, ब्लड ग्रुपिंग समेत अन्य जांचें शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन, उपाधीक्षक, डीडीएम, डीपीसी, समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.