उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन, पठन-पाठन व्यवस्था, शिक्षकों एवं छात्रों की नियमित उपस्थिति, ससमय पुस्तक एवं पोशाक वितरण की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के बीईओ, बीआरपी एवं सीआरपी को प्रत्येक माह विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट साझा करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालयों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। बैठक में उपायुक्त ने रिक्त रसोईया पदों के लिए चयन प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने, पौष्टिक आहार युक्त निर्धारित मेनू के अनुसार बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने, विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर बल देते हुए शिक्षकों को अपने उत्तरदायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने को कहा। साथ ही विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर ससमय कक्षाओं का संचालन प्रारंभ करने एवं आवश्यकता अनुसार आवासीय विद्यालय भवनों की मरम्मती कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीईओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.