उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा की, जल जीवन मिशन की योजनाओं को ससमय पूर्ण करने के दिए निर्देश

खूँटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यों एवं संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए योजनाओं के बेहतर संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों को सुचारू एवं नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने गोविंदपुर समेत अन्य क्षेत्रों में निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP), ईएसआर-1 एवं ईएसआर-2, इन्टेक वेल, पाइपलाइन विस्तार तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि संबंधित क्षेत्रों में शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त ने अड़की प्रखंड के उलिहातू क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की तथा कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपायुक्त ने पेयजल योजनाओं के माध्यम से जिले के शत-प्रतिशत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्वच्छता से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सेग्रिगेशन शेड एवं ट्राई साइकिल के प्रभावी उपयोग, मेंस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट, गोवर्धन गैस परियोजना तथा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के सफल क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्वच्छता गतिविधियों में जनसहभागिता बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त  प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कार्यपालक अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.