छात्र-छात्राओं ने रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में परचम लहराकर राज्य का नाम रोशन किया।
खूंटी - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता हासिल करते हुए विजेता का गौरव प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता 13 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय महिला दिवस एवं सरोजिनी नायडू की जयंती के अवसर पर “Faces of Justice” थीम के तहत प्रारंभ की गई थी।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं को नालसा की विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। इसके लिए देशभर के राज्यों के विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से विधि महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को रील एवं लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। नालसा द्वारा जारी एसओपी के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने अपने सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के सहयोग से राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों में रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन कराया। प्रतियोगिता का विषय नालसा की विभिन्न योजनाओं एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ा था, जिसमें एसिड अटैक पीड़ितों की सहायता, मानव तस्करी, नशा जागरूकता, विचाराधीन बंदियों के अधिकार, मध्यस्थता, बाल शिक्षा तथा अन्य विधिक विषयों पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रचनात्मक प्रस्तुतियां तैयार की गईं। जिला स्तर पर चयनित शॉर्ट फिल्मों एवं रीलों को राज्य स्तर पर भेजा गया, जिसके बाद झालसा ने सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए नालसा को प्रेषित किया। इस क्रम में बिरसा कॉलेज, खूंटी द्वारा तैयार की गई रील “नालसा (आशा- जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्रवाई) : मानक संचालन प्रक्रिया – बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में, 2025” को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ रील घोषित किया गया और इसे विजेता का सम्मान प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि झारखंड के लिए विशेष गौरव का विषय है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वर्ष 2025 में आयोजित प्रतियोगिता में भी झालसा ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के युवाओं की रचनात्मकता एवं विधिक जागरूकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
झालसा ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही बताया गया है कि नालसा द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस उपलब्धि से खूंटी जिले सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है और युवाओं को समाजहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने की प्रेरणा मिल रही है।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.