लगभग 12 लाख मूल्य के अवैध अफीम के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक व तीन मोबाइल बरामद
खूंटी : खूंटी पुलिस को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रनिया थाना क्षेत्र के तांबा गांव के समीप छापेमारी कर लगभग 12 लाख मूल्य का 2 किलो 300 ग्राम अवैध अफीम के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम सिंहभूम के सारंडा कोमसाई निवासी 50 वर्षीय नाथ लोमगा, 31 वर्षीय बिरसा बरजो, 43 वर्षीय सुपाय कंडायबुरु और 29 वर्षीय गांदू बरजो शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो मोटरसाइकिल और तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी - तांबा गांव के पास कुछ लोग अवैध अफीम की खरीद-बिक्री करने के लिए आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल जब तांबा गांव के पास पहुंचा तो वहां दो मोटरसाइकिल के साथ चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही सभी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों को खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधिसम्मत तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 2किलो 300 ग्राम काला-भूरा रंग का अवैध अफीम जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में अफीम की खेती की जाती है तथा वे खूंटी और रांची जिले में अफीम तस्करों को इसकी आपूर्ति कर मुनाफा कमाते थे।
इस मामले में रनिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 22(बी) एवं 25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खूंटी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापामारी टीम में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, मणि दीप, एनडीपीएस खूंटी थाना प्रभारी,
रामदेव यादव, एनडीपीएस खूंटी थाना, मनोज कच्छप, एनडीपीएस खूंटी थाना,और एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.