भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं शहादत दिवस पर उलिहातू पहुंच अर्पित की श्रद्धांजलि
खूंटी : भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं शहादत दिवस के अवसर पर अड़की प्रखंड अंतर्गत उलिहातू स्थित भगवान बिरसा मुंडा जन्मस्थली में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान से जनजातीय समाज को नई चेतना प्रदान की तथा स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात कर उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि खूंटी की इस पावन धरती पर भगवान बिरसा मुंडा जैसे महानायक का जन्म होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय बच्चों से मिल, उन्हें विद्यालय जाने एवं अच्छी शिक्षा प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों एवं अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। जिला प्रशासन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग एवं उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने भी भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें राष्ट्र एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को उलिहातू में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया तथा मात्र 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची कारा में शहीद हो गए। उनका जीवन और बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक अभियंता भवन प्रमंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.